जिस घर में थी मां की तेरहवीं, वहीं बिछ गई बेटे की लाश

जिस घर में थी मां की तेरहवीं, वहीं बिछ गई बेटे की लाश

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक ऐसा हैरान कर देने वाला खूनी खेल देखने को मिला, जिसने भाई-भाई के रिश्तों को तार-तार कर दिया. दरअसल गोरखपुर जिले में मां के ब्रह्मभोज के दौरान दो भाईयों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. ब्रह्मभोज में खर्च को लेकर हुए विवाद के बाद बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया.

जानिए क्या है पूरा मामला?
पूरा मामला पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल भूषण बड़ी रतवैया गांव का है, जहां मृतक शिवम शर्मा की मां का मंगलवार के दिन ब्रह्मभोज था. इसी दौरान ब्रह्मभोज में हुए खर्च को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. कहासुनी धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई और विवाद बढ़ने पर बड़े भाई ने घर पहुंचकर तमंचे से शिवम शर्मा को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया.

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल शिवम को परिजन तत्काल इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. मौके पर सीओ समेत कई थानों की पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है.

आरोपी की तलाश में पुलिस
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ब्रह्मभोज के खर्च को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था. आरोपी घटना के बाद फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं. फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद उक्त धाराओं के तरह मामला दर्ज किया जाएगा. पुलिस ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

See also  'कॉकरोच जनता पार्टी' के बाद अब आई 'इश्क करो पार्टी',