कैंची धाम में 15 जून को लगने वाली है जोरदार भीड़, देश-विदेश से आएंगे श्रद्धालु

कैंची धाम में 15 जून को लगने वाली है जोरदार भीड़, देश-विदेश से आएंगे श्रद्धालु

विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली के प्रसिद्ध कैंची धाम में 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस महोत्सव को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं. उत्तराखंड के कैंची धाम में हर साल की तरह इस बार भी देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और कैंची धाम ट्रस्ट ने संयुक्त रूप से व्यापक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. विशेष बात यह है कि इस बार मेले की व्यवस्था में पूर्व सैनिकों की टीम भी अहम भूमिका निभाएगी, जो अपने अनुशासन और सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करेगी.

पूर्व सैनिकों और स्वयंसेवकों की तैनाती
मंदिर ट्रस्ट से मिली जानकारी के अनुसार, 15 जून को होने वाले स्थापना दिवस महोत्सव के दौरान कैंची धाम में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है. ऐसे में श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने और किसी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है. मंदिर परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है. श्रद्धालुओं को सही दिशा-निर्देश देने, दर्शन की कतारों को व्यवस्थित रखने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूर्व सैनिकों और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी.

15 जून से पहले प्रशासन अलर्ट
कैंची धाम ट्रस्ट के सचिव आलोक चोपड़ा ने बताया कि प्रशासन की ओर से यातायात प्रबंधन को लेकर भी व्यापक योजना बनाई गई है. पार्किंग स्थलों का निर्धारण, वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग, भीड़ नियंत्रण के उपाय और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है. इसके अलावा पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं और अग्निशमन दल की तैनाती को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां उन्हें आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा.

See also  Jind: सुसाइड नोट में 3 नाम, बढ़ी लिव-इन पार्टनर की मुश्किलें

भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न
उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए ऐसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिससे प्रत्येक श्रद्धालु को बिना किसी परेशानी के बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन हो सकें. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान लगातार गाइड किया जाएगा, ताकि कहीं भी अनावश्यक रुकावट या भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न न हो. मंदिर प्रशासन, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगी और लगातार निगरानी बनाए रखेंगी.

यहां आकर मिलती है शांति
कैंची धाम ट्रस्ट के सचिव ने बताया कि श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रकार की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सहायता केंद्र बनाए जा रहे हैं. इसके साथ ही गर्मी को देखते हुए पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम को भी तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी घटना पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सके. इस बीच स्थापना दिवस से पहले ही कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है. दूर-दराज के राज्यों से आने वाले भक्त बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव कर रहे हैं.

विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन
मुरादाबाद से पहली बार कैंची धाम पहुंची श्रद्धालु खुशी गुप्ता ने बताया कि यहां आकर उन्हें अद्भुत शांति का अनुभव हुआ है और भविष्य में भी वह दोबारा दर्शन के लिए जरूर आएंगी. उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया जाता है, जिसका श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार करते हैं.

See also  होर्मुज में ईरान जा रहे जहाज पर मिसाइल अटैक

वहीं मुरादाबाद से आए श्रद्धालु सुलभ अग्रवाल ने कहा कि उनकी बाबा नीम करौली महाराज के प्रति गहरी आस्था है. उनका मानना है कि कैंची धाम आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर वह एक बार फिर बाबा के दर्शन के लिए पहुंचेंगे. श्रद्धालुओं ने कैंची धाम परिसर के सामने बने मेडिटेशन सेंटर की भी सराहना की, जहां लोग शांत वातावरण में बैठकर ध्यान और आध्यात्मिक साधना कर रहे हैं.