युवक ने नाबालिग लड़की से प्रेम विवाह कर उसे आठ महीने की गर्भवती कर दिया। जब लड़की जांच के लिए अस्पताल आई तो उसके आधार कार्ड से उसकी उम्र का पता चला और फिर पुलिस को सूचना दी गई।
इसके बाद बाल कल्याण समिति ने काउंसिलिंग कर आरोपित युवक के खिलाफ सदर थाना में मामला दर्ज करा दिया है। युवक और लड़की दोनों ही बिहार के रहने वाले हैं।
बाल कल्याण समिति कार्यालय में लड़की की मां ने अपने बयान में बताया कि उसके छह बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी की उम्र 17 वर्ष की है। उसकी 17 वर्षीय बेटी शादी से पहले बिहार के एक लड़के से बात करती थी।
जब वह बेटी से पूछते थे कि किससे बात करती है तो वह कहती थी कि सहेली से बात कर रही है। इसके बाद युवक उसकी बेटी को अपने साथ ले गया और 18 जुलाई 2025 को उससे विवाह कर लिया। कुछ दिन बाद लड़की आ गई और उनसे विवाह की बात छिपाई।
कल्याण समिति के चेयरमैन चंद्र प्रकाश ने लड़की के जन्म प्रमाणपत्र की जांच की। इसमें लड़की का जन्म 30 जून 2008 का था। इस आधार पर शादी के दिन 18 जुलाई 2025 को उसकी उम्र 17 वर्ष 18 दिन थी।
आरोपित लड़के के आधार कार्ड के अनुसार उसकी जन्म तिथि 01 जनवरी 2002 है। इस हिसाब से शादी के दिन उसकी उम्र 23 वर्ष 6 माह 17 दिन थी। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।









