शादी के 5 घंटे बाद ही तलाक, दूल्हे की अभद्रता से दुल्हन ने तोड़ा रिश्ता

शादी के 5 घंटे बाद ही तलाक, दूल्हे की अभद्रता से दुल्हन ने तोड़ा रिश्ता

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में निकाह के बाद 5 घंटे बाद तलाक हो गया। खाना खाने और मेहर अदायगी के दौरान दूल्हे की अभद्र टिप्पणी ने बड़ा रूप ले लिया। स्थानीय गणमान्य के बीच घंटों चली पंचायत पर भी कोई हल नहीं निकल सका और गाजे बाजे के साथ संपन्न हुई शादी का रिश्ता कुछ ही घंटों में पूरी तरह समाप्त हो गया। हालांकि, किसी पक्ष ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है।

जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर नगर पंचायत स्थित नलापार वार्ड में बीते शुक्रवार को रात कस्बे में बारात आई थी। यहां के निवासी मोहम्मद निजाम की 22 वर्षीय बेटी सायबा का निकाह सद्दीपुर पट्टी गांव निवासी जावेद के साथ तय हुआ था। धूमधाम से शादी कार्यक्रम और निकाह की धार्मिक रस्में शांतिपूर्वक अदा की गईं।

दूल्हे ने की अभद्रता

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खाना खाने के दौरान मेहर अदायगी रस्म और दूल्हे की अभद्रता से दुल्हन नाराज हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि रिश्तों में खटास आ गई। दूल्हे पक्ष के व्यवहार से नाराज दुल्हन ने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया।

रिश्ते को लेकर चली पंचायत, नहीं निकला नतीजा

इसके बाद दोनों पक्षों के रिश्तेदारों, स्थानीय गणमान्य लोगों और समाज के बुजुर्गों ने कई घंटों तक समझौते की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। रात भर चली पंचायत और मान-मनौव्वल के बाद आखिरकार दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से रिश्ता समाप्त करने का फैसला कर लिया।

अपमानित भाषा से शुरू रिश्ता थमा

जिस बारात का स्वागत बड़े उत्साह और सम्मान के साथ हुआ था, वह विवाद के बाद तलाक पर रिश्ता 5 घंटे में खत्म हो गया। आरोप है कि दूल्हे पक्ष की ओर से अपमानजनक भाषा और खाने के दौरान मेहर अदायगी के विवाद से बिना दुल्हन बारात वापस लौट गई। घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे एक छोटे विवाद के कारण टूटे रिश्ते के रूप में देख रहे हैं। हालांकि, दोनों पक्षों में से किसी ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है।

See also  जन्म के तीसरे दिन लापता हुआ बच्चा, 2 साल बाद मिला तो मां लिपटकर रोने लगी