‘बारिश में हम पेड़ के नीचे कौए की तरह छुपते हैं… ये हमारी मजबूरी है, और अगर तुम हमारी मजबूरी से खेलोगे तो क्या हम तुम्हें छोड़ देंगे?’, विजय सेतुपति, तब्बू और संयुक्ता मेनन स्टारर फिल्म ‘स्लमडॉग: 33 टेम्पल रोड’ के टीजर की शुरुआत इस एक डायलॉग से होती है। इसके बाद अगले 1 मिनट तक पर आप जो भी देखते हैं, उसमें यह चेतावनी सच साबित होती दिखती है। डायरेक्टर पुरी जगन्नाथ की यह पैन-इंडिया एक्शन ड्रामा अपनी पहली झलक के साथ ही रोमांच पैदा करती है। विजय सेतुपति फिल्म में एक रहस्यमयी अंधे भिखारी की भूमिका में हैं। ‘स्लमडॉग’ टाइटल और यह टीजर साफ बयां करता है कि फिल्म हाशिए पर पड़ी गलियों से उठकर आए, उन लोगों की बानगी है, जो शोषण के खिलाफ चुप नहीं बैठने वाले हैं।
‘स्लमडॉग: 33 टेम्पल रोड’ का टीजर दिलचस्प है। विजय सेतुपति अब तक के सबसे दमदार अवतार में नजर आ रहे हैं। इस बार वह पर्दे पर जमकर एक्शन करने वाले हैं। वो भी पूरे स्टाइल में। टीजर की शुरुआत विजय सेतुपति से होती है, जो भिखारियों की कठोर और अक्सर नजरअंदाज की जाने वाली जिंदगी बयां करता है। इसके बाद एक्शन, इमोशन और रहस्य का मजेदार मसाला है।
तब्बू बनी हैं पुलिसवाली, जरीना वहाब भी
एक मिनट 12 सेकेंड के टीजर में हमें सभी मुख्यक कलाकारों की झलक दिखती है। विजय सेतुपति जहां एक ऐसे रहस्यमयी अंधे के किरदार में हैं, जो न्याय की बाट नहीं जोहता, बल्कि खुद न्याय करने निकल पड़ता है, वहीं तब्बू एक पुलिस अफसर के दमदार रोल में दिख रही हैं। एक्टर दुनिया विजय विलेन बने हैं, जबकि संयुक्ता फीमेल लीड रोल में हैं। उनके साथ ब्रह्माजी, वीटीवी गणेश और जरीना वहाब भी हैं।
फैंस बोले- मजा आने वाला है, जबरदस्त टीजर
टीजर देखकर इंटरनेट की जनता भी रोमांच से भरी हुई है। इनमें से अधिकतर विजय सेतुपति की तारीफ कर रहे हैं। एक ने कहा है, ‘विजय सेतुपति का फायर मोड ऑन।’ एक दूसरे यूजर ने लिखा, ‘नेचुरल एक्टर का ऐसा खतरनाक अंदाज।’ एक अन्य ने लिखा, ‘मजा आने वाला है। जबरदस्त टीजर।’
दमदार डायरेक्टर, नेशनल अवॉर्ड जीत चुके कंपोजर
‘पोकिरी’ फेम पुरी जगन्नाथ पहले भी पर्दे पर एक्शन और इमोशन की रोमांचक दुनिया रच चुके हैं। ऐसे में जब विजय सेतुपति, तब्बू और संयुक्ता जैसे दिग्गज साथ आए हैं, तो फिल्म से उम्मीदें बढ़ जाती हैं। तकनीकी रूप से टीजर एक मजबूत छाप छोड़ता है। सिनेमैटोग्राफर सैम के नायडू ने फिल्म की दुनिया को एक दमदार विजुअल टेक्सचर और स्टाइलिश प्रेजेंटेशन दिया है। नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले कंपोजर हर्षवर्धन रामेश्वर का साउंड ट्रैक और बैकग्राउंड स्कोर एनर्जी से भरा हुआ है।
पुरी जगन्नाथ ने की विजय सेतुपति की तारीफ
‘स्लमडॉग: 33 टेम्पल रोड’ के टीजर लॉन्च पर विजय सेतुपति के बारे में बात करते हुए पुरी जगन्नाथ ने कहा, ‘सच कहूं तो आपसे बहुत प्यार है सर। इतने बड़े कलाकार का मेरी कहानी पर भरोसा करना और इस फिल्म के लिए हामी भरना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। अगर आप उन्हें ध्यान से देखें, तो उनकी एक्टिंग में जरा भी घमंड नहीं दिखेगा, एक फ्रेम में भी नहीं। यह खूबी कमाल की है।’
‘स्लमडॉग: 33 टेम्पल रोड’ कब रिलीज होगी
‘स्लमडॉग 33 टेम्पल रोड’ की रिलीज डेट को लेकर कोई आधिारिक ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन इतना जरूर बताया गया है कि यह फिल्म इसी साल 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वो भी तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी में, यानी पैन इंडिया।











