4 दिन में सिर्फ 1 घंटा आता है पानी, 700 परिवार बाजार से खरीदकर पीने को मजबूर
भीषण गर्मी के बीच शहर के चाऊ की बस्ती, हनुमान नगर, सूर्य नगर, विकास नगर, आदर्श नगर, सरिता नगर समेत कई मुहल्लों में लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। करीब 700 परिवार पीले पानी, लो प्रेशर और अनियमित जलापूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं।
हालात यह हैं कि सरकारी टंकी से चार दिन में केवल एक बार पानी की आपूर्ति हो रही है। जहां तीन नलकूप की जरूरत है, वहां पर एक से ही काम चलाया जा रहा है। बीते चार महीने से यही समस्या बनी हुई है। चाऊ की बस्ती स्थित तारों वाली ज्यारत के पास रहने वाले लोगों का कहना है कि अप्रैल से क्षेत्र में जल संकट बना हुआ है।
घरों में लगे नलों और हैंडपंपों से पीला और खारा पानी निकल रहा है। स्वच्छ पेयजल न मिलने से बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है। चाऊ की बस्ती निवासी राजेश ने बताया कि चार से पांच दिन में एक बार पानी आता है उसका भी प्रेशर बेहद कम रहता है। एक घंटे बाद सप्लाई बंद हो जाती है। जिससे घरों की टंकियां तक नहीं भर पातीं।
हनुमान नगर के अशोक ने बताया कि दो से तीन दिन में अनियमित जलापूर्ति से यहां के लोग परेशान हैं। पानी आने का कोई निश्चित समय नहीं है। दो से तीन दिन बाद पानी आता है। जब सुबह पानी आता है, तो शाम को नहीं मिलता। कई बार शाम को पानी आ जाए तो सुबह नहीं मिलता। कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन समाधान नहीं हो सका।
छह माह से बंद है सबमर्सिबल
चाऊ की बस्ती में करीब छह माह पहले लोगों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए सरकारी सबमर्सिबल लगाया गया था। लेकिन आज तक इसे चालू नहीं किया गया। चाऊ की बस्ती में सरकारी नलों में पीला पानी आने के कारण लोगों को निजी टैंकर और कैंपर से पानी खरीदना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर इसका बोझ पड़ रहा है।
क्षेत्र में पानी की समस्या जल्द ही दूर हो जाएगी। दो नलकूप और तैयार हो गए हैं। बिजली का कनेक्शन भी जल्दी हो जाएगा। इसको लेकर बिजली विभाग से संपर्क किया गया है। तीन नलकूपों से पानी की आपूर्ति मिलने लगेगी।
– राम कैलाश, महाप्रबंधक, जलकल।