अंबेडकरनगर में परिवार को बंधक बना कर 17 लाख की लूट
नकाबपोश चार लुटेरे छत के रास्ते व्यवसायी के घर में घुसकर परिवार के लोगों को कमरे में बंधक बना कमरे का ताला तोड़ बाक्स व आलमारी में रखा लगभग 17 लाख रुपये का आभूषण व नकदी समेट लिया। पुलिस ने घटना के पहलुओं की जांच पड़ताल किया। आसपास घरों में लगे सीसी कैमरों की फुटेज निकाल कर जांच में जुटी है।
यह है पूरा मामला
मालीपुर के कजरी नंदापुर के अनुज कुमार चौहान की अकबरपुर में टाइल्स की दुकान है। शनिवार की रात्रि करीब दो बजे बदमाश पीछे बने शौचालय के सहारे घर की छत पर चढ़ गए। तत्समय वह अपनी पत्नी के साथ छत पर सो रहे थे, लेकिन जानकारी नहीं हुई। बदमाश सीढ़ी के रास्ते घर में पहुंचे। कमरों में सो रहे लोगों के दरवाजे की बाहर से कुंडी बंद कर दी। एक कमरे पर बाहर से लगा ताला तोड़ दिया।
अंदर घुसकर आलमारी और बाक्स आदि का ताला तोड़ सोने का हार, चार कंगन, दो जोड़ी झुमकी, मांग टीका, मंगलसूत्र, कान की तीन जोड़ी बाली, तीन चेन, पांच नाक की कील, नथुनी, बिंदी, चांदी का पाजेब, करधन, पांच पायल, चांदी की ईंट, हसुली, कड़ा, लच्छा हवेल लगभग दो किलो चांदी के अन्य सामान बैग में समेट लिया।
जाते समय गैलरी में सो रही उनकी माता और बच्चे के साथ सो रहे भांजे विशाल को जगाकर कनपटी पर असलहा लगा दिया। बदमाशों ने बच्चे की मां से पूछा कि तुम्हारे पास सोने चांदी की दुकान है। मां ने बताया कि सोने-चांदी की नहीं टाइल्स की दुकान है।
इसके बाद आभूषण व रुपया के बारे में पूछा। धमकी दिया कि बता दो नहीं तो दिक्कत होगी। इसके बाद मां के कमरे से बदमाशों ने 2.63 लाख रुपये ले लिया। बदमाशों की संख्या चार थी। सभी का मुंह कपड़ा से ढका था चेहरा नहीं दिख रहा था। उनके हाथों में असलहा व अन्य हथियार के साथ रॉड भी थी।
बदमाशों के जाते भांजे विशाल ने शोर किया तो परिवार के सभी लोग जाग गए। लोग बाहर निकला चाहे तो दरवाजा बाहर से बंद था। इसके बाद बाहर से दरवाजे की कुंडी खोली गई। तब तक आसपास के लोग भी पहुंच गए। व्यवसायी ने रात्रि में पुलिस को जानकारी दी।
उपनिरीक्षक अनिल शर्मा घटना स्थल की जांच करते हुए स्वजन से पूछताछ की। व्यवसायी ने सुबह तहरीर दी। थानाध्यक्ष स्वतंत्र मौर्य ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसी कैमरे की फुटेज से चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
सीसी कैमरे की फुटेज में दिखे चार लुटेरे
पुलिस ने सुबह आसपास के घरों पर लगे सीसी फुटेज खंगाला। फुटेज में चार लुटेरे आते-जाते दिख रहे हैं। मुंह बंधा होने से इनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस शीघ्र पहचान करने का दावा किया है।
पहले अनिल के घर पहुंचे थे लुटेरे
लूट की घटना को अंजाम देने के पहले लुटेरे इसके पहले गांव के ही अनिल सिंह के घर पहुंचे थे। उनके दरवाजे को तोड़ने का प्रयास किया था। परिवार के लोगों के जागने पर चोर भाग गए थे। सूचना पर डायल 112 पुलिस ने पहुंचकर जांच की थी। इसी बीच यहां से करीब 400 मीटर दूर अनुज कुमार के घर घटना अंजाम दिया।