सड़क पर खड़ी कार के चालक का लापरवाही से वाहन का गेट अचानक खोलना मंगलवार को एक परिवार पर भारी पड़ गया। गुटखा थूकने के लिए बिना पीछे देखे कार का गेट खोलने से पीछे से आए स्कूटी सवार युवक की कार के गेट से टकराकर जान चली गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
रावतपुर के रोशननगर निवासी इजहार हुसैन (42) बेकनगंज क्षेत्र में सरकारी राशन की दुकान पर नौकरी करते थे। परिवार में पत्नी गुल्कशा और चार बच्चे हैं। परिजन के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब दो बजे इजहार काम खत्म कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। बेनाझाबर स्थित एक होटल के सामने पहुंचे ही थे कि सड़क पर खड़ी कार में बैठे चालक ने गुटखा थूकने के लिए अचानक दरवाजा खोल दिया। दरवाजे को देखकर इजहार संभल नहीं सके और स्कूटी समेत सीधे कार के गेट से जा भिड़े। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर उन्हें हैलट अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी और बच्चों मारुस, माहिद, मोसिन और मास का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन के अनुसार इजहार परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। एक छोटी सी लापरवाही ने चार बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा होते ही चालक कार लेकर भागने लगा। लोगों ने पीछा किया तो वह मधुराज हॉस्पिटल मेट्रो स्टेशन के पास कार छोड़कर भाग निकला। स्वरूपनगर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कार को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिजन की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज और वाहन के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से जेसीबी चालक की मौत
महाराजपुर के सरसौल पुल पर मंगलवार सुबह चार बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से जेसीबी चालक सौरभ गुप्ता (32) की मौत हो गई। वह सजेती के बरीपाल के रहने वाले थे। पिता ओम प्रकाश के अनुसार, सौरभ की ससुराल चौडगरा में है। उन्हें आशंका है कि सौरभ अपने ससुराल गया होगा। हादसे में सौरभ की मौत के बाद उनकी पत्नी प्रीति बदहवास हो गई। महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि जल्द ही टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता चल जाएगा।










