इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस दौर में लाइक्स और व्यूज की अंधी दौड़ में किसी की इज्जत और हंसते-खेलते परिवार को कैसे दांव पर लगा दिया जाता है. सोशल मीडिया और मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल होने वाले सास-दमाद की शादी वाले वीडियो ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. वीडियो के साथ दावा किया जा रहा था कि ये दोनों रिश्ते में सगे ‘सास और दामाद’ हैं और दोनों ने समाज की परवाह किए बिना कोर्ट मैरिज कर ली है. कथित घटना को उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के अकबरपुर क्षेत्र से जोड़कर वायरल किया गया,लेकिन इस वीडियो की सच्चाई कुछ और ही है.
इस पूरे मामले पर न तो स्थानीय पुलिस और न ही जिला प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई थी. इसके बावजूद वीडियो रुकने का नाम नहीं ले रहा था. इसी बीच, वीडियो में दिख रहे असली युवक ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद भावुक वीडियो शेयर कर इस पूरे ‘तमाशे’ की असली सच्चाई दुनिया के सामने ला दी है.
समाज में उठना-बैठना बंद हो गया
युवक ने अपना नाम राजू नायक बताया है. राजू ने रोते हुए और हाथ जोड़कर लोगों से अपील की है कि उनके बारे में फैलाई जा रही ‘सास-दामाद की शादी’ की खबर पूरी तरह से फर्जी, मनगढ़ंत और भ्रामक है. राजू नायक ने बताया कि इस एक वायरल झूठ ने उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को पूरी तरह से मिट्टी में मिला दिया है. राजू ने कहा, ‘इस वीडियो के गलत दावों की वजह से मेरा समाज में उठना-बैठना पूरी तरह बंद हो गया है. लोग मुझे हीन भावना और नफरत भरी नजरों से देख रहे हैं. इस बदनामी के कारण मेरी खुद की पत्नी मुझे छोड़कर हमेशा के लिए मायके चली गई है. मेरा पूरा पारिवारिक जीवन पूरी तरह बर्बाद हो चुका है.’
कहां का रहने वाला है पीड़ित राजू
राजू नायक ने अपने उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से जुड़े होने के दावे को भी खारिज कर दिया है. राजू ने बताया कि उसका कानपुर देहात के अकबरपुर क्षेत्र से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है. वह राजस्थान के बड़गांव क्षेत्र का मूल निवासी है. राजू ने बताया कि वीडियो में दिख रही महिला के साथ उसका रिश्ता क्या है और वह वीडियो किस संदर्भ का है, इसके बारे में भी गलत व्याख्या की गई है. उसने लोगों से हाथ जोड़कर भावुक अपील की है कि बिना किसी जांच-पड़ताल या बिना किसी आधिकारिक सत्यापन के किसी भी वीडियो को इस तरह फॉरवर्ड या शेयर न करें.
तथ्य जाने बिना सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने से बचें-
यह साफ हो गया है कि कानपुर देहात में सास-दामाद की कोर्ट मैरिज की खबरें सिर्फ और सिर्फ एक सोशल मीडिया प्रोपेगैंडा और कोरी अफवाह थीं. पुलिस और साइबर सेल भी अब इस तरह की भ्रामक खबरें और फर्जी वीडियो फैलाकर लोगों को बदनाम करने वाले अकाउंट्स पर नजर रख रही है.











