खुद को गोसेवक बता करते थे ट्रक चालकों से मारपीट व वसूली
खुद को गोसेवक बताकर ट्रक चालकों से मारपीट व अवैध वसूली करने वाले गिरोह के पुलिस ने पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर राजफाश किया है। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने पर पुलिस ने कार्रवाई की। ट्रक में गोवंशी होने की पुलिस को झूठी सूचना दी थी।
एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि मयंक निवासी ग्राम आदर्श नंगला, आदर्श सिंह निवासी गुराना रोड, कुश तोमर निवासी कोताना रोड बड़ौत, अर्जुन निवासी ग्राम बावली, प्रिंस मान निवासी ग्राम सिनौली को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित खुद को गोसेवक बताकर ट्रक को रुकवाकर चालक पर ट्रक में गोवंशी भरने का झूठा आरोप लगाकर गाली-गलौज कर मारपीट करते थे, फिर अवैध वसूली की जाती थी।
गत 27 मई की रात एक कैंटर का दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पीछा कर गौरीपुर मोड़ पर रुकवाकर चालक के साथ गाली-गलौज, मारपीट कर अवैध वसूली की। पुलिस कंट्रोल रूम पर झूठी सूचना दी गई। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।