खेलते-खेलते बच्चे को लगी प्यास, टुल्लू पंप पर पहुंचते ही ‘मौत’ ने लगा लिया गले
हराजगंज थाना क्षेत्र के इसुफपुर गांव में सोमवार की शाम करंट लगने से बालक की मौत हो गई। टुल्लू पंप को चोरी होने से बचाने के लिए मालिक ने उसमें करंट प्रवाहित कराया था।
हादसे के वक्त बालक को खेलने के दौरान प्यास लगी तो वह टुल्लु पंप पर पानी पीने गया था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच करके विधिक कार्रवाई कर वापस लौट गई।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव का सागर वर्मा हैंड पंप और टुल्लु पंप में खुला तार लगा कर करंट प्रवाहित किया था, जिससे कारण बालक उसकी चपेट में आ गया। कुछ दिन पूर्व यहां पर पानी पीने के लिए गई भैंस की भी करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। घटना के बाद से गांव के लोगों में आक्रोश है।
यह है पूरा मामला
महराजगंज थाना क्षेत्र के इसुफपुर गांव निवासी आठ वर्षीय अनिकेत यादव उर्फ चुम्मन पुत्र संजय यादव माता-पिता की इकलौती संतान था। वह सोमवार को गांव के कुछ बच्चों के साथ घर से दो सौ मीटर की दूरी पर क्रिकेट खेल रहा था। इस दौरान उसे प्यास लग गई।
पास में मछली पालन किए गए तालाब के पास टुल्लु पंप पर पानी पीने के लिए चला गया। पानी पीते समय वह टुल्लू पंप से चिपक गया। काफी देर होने के बाद साथ बच्चे उसके पास पहुंचे तो जानकारी हुई।
इस दौरान बच्चों के शोर मचाने पर गांव के लोग जुटे गए। बालक के हाथ में करंट से गहरा घाव हो गया था। आनन-फानन उसे नजदीकी अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुत्र की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।