ट्यूशन जाते समय पहले हुआ था अपहरण, अब घर से उठा ले गए बदमाश
हिलसा नगर परिषद क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के दूसरी बार कथित अपहरण की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
बुधवार को बदमाश दिनदहाड़े छात्रा को घर से जबरन उठाकर ले गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित परिवार ने हिलसा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
सिंदूर भरी मांग की आई थी तस्वीर
स्वजन के अनुसार इससे पहले भी 4 दिसंबर 2025 को छात्रा को ट्यूशन पढ़ने जाने के दौरान सूर्य मंदिर तालाब के पास से अगवा कर लिया गया था।
उस मामले में हिलसा थाना में मामला दर्ज कराया गया था। बाद में सोशल मीडिया पर छात्रा की मांग में सिंदूर भरी तस्वीरें भी वायरल की गई थीं।
छात्रा के पिता का आरोप है कि पहली घटना के बाद यदि पुलिस ने समय पर सख्त कार्रवाई की होती तो दूसरी बार यह घटना नहीं होती।
उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के अनुसंधानकर्ता और आरोपित के बीच मिलीभगत के कारण कार्रवाई लंबित रही।
बुधवार को हुई दूसरी घटना के बाद परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी
पीड़ित पिता ने कहा कि 14 वर्ष की नाबालिग बेटी को दिनदहाड़े घर से उठा लिया गया और पुलिस अब तक उसे बरामद नहीं कर सकी है।
उन्होंने कहा कि न्याय नहीं मिलने पर वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष आत्मदाह जैसे कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं।
इधर, मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाएं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं।
हिलसा थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा अनुसंधानकर्ता को वरीय अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।