प्रेमिका की शादी का ‘वीरू स्टाइल’ में विरोध
पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हाई वोल्टेज ड्रामा शनिवार को चर्चा का विषय बना रहा।
प्रेमिका की शादी की खबर से आहत एक युवक बारात आने से कुछ घंटे पहले मोबाइल टावर पर चढ़ गया और जान देने की धमकी देने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
काफी मशक्कत और समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। फिलहाल पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बारात आने से पहले टावर पर चढ़ा
जानकारी के अनुसार श्यामपुर कोतराहा गांव निवासी भुलन मांझी का 19 वर्षीय पुत्र टुन्ना मांझी शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे गांव में पूर्व जिला पार्षद मुन्ना सिंह के परिसर में लगे करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
बताया जा रहा है कि उसकी प्रेमिका की शादी उसी दिन तय थी और बारात आने में महज आठ घंटे का समय बचा था। इसी बीच युवक ने टावर पर चढ़कर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी दे दी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर नौतन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस के साथ-साथ युवक के परिजन और ग्रामीण भी लगातार उसे समझाते रहे, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं था। युवक बार-बार अपनी प्रेमिका से मिलने या बात कराने की मांग कर रहा था।
प्रेमिका से बात होने के बाद माना
करीब डेढ़ घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक की मोबाइल फोन पर उसकी प्रेमिका से बातचीत कराई। बातचीत के दौरान युवक को शांत करने का प्रयास किया गया।
फोन पर बातचीत के बाद युवक का आक्रोश और तनाव कम हुआ। इसके बाद वह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया।
नीचे उतरते ही हिरासत में लिया
टावर से सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि समय रहते युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे किसी प्रकार की अनहोनी टल गई।
इलाके में दिनभर बनी रही चर्चा
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इस प्रेम प्रसंग और युवक के कदम की चर्चा होती रही। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुटे रहे और युवक को टावर से नीचे उतरते देखने के लिए घंटों इंतजार करते रहे। पुलिस की तत्परता और समझदारी से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया।