यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण के लिए ट्रायल शुरू, ग्रीन पार्क में होंगे मुकाबले
यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण के लिए ट्रायल और ट्रांसफर विंडो 1 जून से खुल जाएगी, जिसमें 14 अगस्त से 6 सितंबर तक ग्रीन पार्क स्टेडियम में मुकाबले खेले जाएंगे। सभी फ्रेंचाइजी अपने-अपने मंडल में खिलाड़ियों का चयन करेंगी, जिसकी शुरुआत वाराणसी मंडल के ट्रायल से होगी।
यूपी टी-20 के चौथे संस्करण की ट्रायल और ट्रांसफर विंडो एक जून से खुल जाएगी। 14 अगस्त से छह सितंबर तक ग्रीन पार्क स्टेडियम में होने वाली लीग के लिए कानपुर सुपर स्टार, काशी रुद्राश, गोरखपुर लायंस, नोएडा सुपर किंग्स, मेरठ मेवरिक्स और लखनऊ फाल्कंस की फ्रेंचाइजी अपने-अपने खेमे के लिए छह से 12 खिलाड़ियों को टीम में वापस (रिटेन) करेगी। खिलाड़ियों के ट्रांसफर विंडो एक से 15 जून तक तथा ट्रायल विंडो एक से 30 जून तक खुली रहेगी। सबसे पहले वाराणसी मंडल के ट्रायल एक से पांच जून तक होंगे।
लीग के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने बताया कि ने लीग के चौथे संस्करण आइपीएल की तरह आयोजित किया जाएगा। एक जून से ट्रायल और ट्रांसफर विंडो की शुरुआत हो जाएगी। इसमें पहली बार लीग की सभी फ्रेंचाइजी अपने-अपने स्तर पर ट्रायल का आयोजन कर टैलेंट की खोज करेगी। हर टीम में 23 से 25 खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा।
काशी रुद्राश की फ्रेंचाइजी एक से पांच जून, मेरठ मेवरिक्स के ट्रायल छह से 10 जून, लखनऊ फाल्कंस के ट्रायल 11 से 15 जून, गोरखपुर लायंस के ट्रायल 15 से 20 जून, नोएडा सुपर किंग्स के ट्रायल 21 से 25 जून, कानपुर सुपर स्टार के ट्रायल 25 से 30 जून तक होंगे। इसमें हर फ्रेंचाइजी अपने-अपने मंडल के क्षेत्रों से खिलाड़ियों की खोज कर उभरते हुए खिलाड़ियों को मौका देगी। कानपुर सुपर स्टार के ट्रायल में कानपुर प्रीमियर लीग के साथ केडीएमए लीग और शहरी लीग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी शामिल होंगे। ग्रीन पार्क स्टेडियम में कानपुर सुपर स्टार फ्रेंचाइजी 25 से 30 जून तक ट्रायल कराएगी।
आर्यन, विराट और आदित्य ने जेएनटी अंडर-12 में जड़ा शतक
जेएनटी अंडर-12 के 14वें सीजन में गुरुवार का दिन बल्लेबाजों के नाम रहा। लीग में एक दिन में ही खेले गए दो मुकाबलों में आर्यन, विराट और आदित्य ने शतक लगाकर बल्ले का दम दिखाया। गोल्डी एकादश को पांच रन की रोमांचक जीत दिलाने में आर्यन यादव की 72 गेंदों पर 100 रन की पारी उपयोगी साबित हुई। इसी प्रकार स्वास्तिक एकादश ने आदित्य शर्मा के धमाकेदार शतक के बदौलत आठ विकेट की जीत दिलाई।
साउथ मैदान किदवई नगर में खेले जूनियर लीग के पहले मुकाबले में गोल्डी एकादश ने 25 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। सलामी जोड़ी हर्ष (1) और कोणार्क (0) के बाद प्रतीक (1) के सस्ते में पवेलियन लौट जाने के बाद कप्तान युवराज (59) और आर्यन यादव (100) की साझेदारी ने टीम को मजबूत किया। गेंदबाजी में दिव्यांश ने दो विकेट चटकाए। जवाब में पर्फ एकादश 24.3 ओवर में वेदांश (52), आदित्य (65) की अर्धशतकीय पारी बदौलत 169 रन तक पहुंचा लेकिन अब्दुल फैजल के तीन और अविराज, गनेश, तनय के दो-दो विकेट की सधी गेंदबाजी ने पांच रन से गोल्डी को रोमांचक जीत दिलाई।
मैच में शतक लगाने वाले आर्यन मैन आफ द मैच चुने गए। लीग में खेले गए दूसरे मुकाबले में सोलोवेयर एकादश ने 25 ओवर में तीन विकेट पर 194 रन बनाए। सलामी जोड़ी मो. शमी (3) और आकाश (0) के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पिच पर कप्तान क्रिश (54) और विराट (128) ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में स्वास्तिक एकादश की ओर से सलामी बल्लेबाज आदित्य (115) ने 74 गेंदों पर 19 चौके और दो छक्के लगाकर टीम को आठ विकेट की बड़ी जीत दिलाई। आदित्य का साथ आराध्य (23), हर्षवर्धन (14) और शिवांश (17) ने दिया। मैच में धमाकेदार शतक लगाने वाले आदित्य शर्मा मैन आफ द मैच चुने गए।