कानपुर में म्यूल खातों का खेल, आइपीएल में सट्टा खिलाने और निवेश के नाम पर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार
कानपुर पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी और निवेश धोखाधड़ी के लिए म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर नेशनल क्राइम रिकॉर्ड पोर्टल पर 13 शिकायतों में लगभग 14 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है, जिसमें पांच बैंक खातों से लेनदेन का खुलासा हुआ है।
आनलाइन आइपीएल में सट्टा खिलाने, गेमिंग एप स्टाक मार्केट ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर साइबर ठगी करने वालों को म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपितों को रावतपुर थाना पुलिस में गिरफ्तार किया है। आरोपितों के खिलाफ नेशनल क्राइम रिकार्ड पोर्टल (एनसीआरपी) पर 13 शिकायतें दर्ज हैं, जिसमें लगभग 14 करोड़ की ठगी की गई थी। पुलिस को आरोपितों के पास से पांच बैंक खाते मिले हैं, जिसमें 14 करोड़ के लेनदेन भी हैं।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि एनसीआरपी पर ठगी की 13 शिकायतें कई राज्यों की मिली थी, जिसमें जिस नंबर से ठगी की गई थी। उसका हाटस्पाट रावतपुर थाना क्षेत्र में मिल रहा था। पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से केशवपुरम स्थित एक घर मूलरूप से शुक्लागंज के पीपरखेड़ा पोनी रोड निवासी व हाल पता कर्नलगंज निवासी नवीन श्रीवास्तव और पीरोड गांधी नगर निवासी सुमित कश्यप को गिरफ्तार किया है। दोनों ने ठगी करने के लिए केशवपुरम में मकान किराये पर ले रखा था।
आरोपित आनलाइन आइपीएल, गेमिंग एप, स्टाक मार्केट ट्रेडिंग व आइपीओ में निवेश कराने के नाम पर ठगी करते थे। आरोपितों ने कानपुर के अलावा बंगाल, कर्नाटक, पंजाब, केरल, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात समेत राज्यों के लोगों से लगभग 14 करोड़ की ठगी की है। आरोपितों के पास से पांच बैंक खाते मिले हैं, जिसमें एक खाता सुमित है।
उसके खाते में आठ शिकायतें दर्ज हैं। जिसमे एक शिकायत चकेरी क्षेत्र के व्यक्ति से 97 लाख की ठगी की भी है। दोनों आरोपित खाते दिल्ली के तोमर नाम के व्यक्ति को उप्लब्ध कराते थे। दोनों के पास से 42900 रुपये और चार मोबाइल बरामद हुए।