क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद खिलाड़ी अक्सर कोचिंग या फिर कमेंट्री का रुख कर लेते हैं. वहीं, मौजूदा समय की बात करें तो अब कई ऐसी लीग्स आ चुकी हैं, जिनमें सिर्फ रिटायर्ड प्लेयर्स ही हिस्सा लेते हैं. इससे होता यह है कि खिलाड़ी रिटायरमेंट के बाद भी क्रिकेट से जुड़े रहते हैं, लेकिन कुछ प्लेयर ऐसे भी हुए हैं जिन्होंने रिटायरमेंट के बाद बिल्कुल ही अलग तरह का प्रोफेशन चुना. ऐसे ही एक भारतीय क्रिकेटर हैं जो रिटायरमेंट के बाद बैंक में एक साधारण नौकरी कर अपना जीवन बसर कर रहे हैं.
ये खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि विराट कोहली की कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे सिद्धार्थ कौल हैं. सिद्धार्थ कौल का क्रिकेटिंग करियर वैसे तो बहुत लंबा नहीं रहा, लेकिन वह जितना भी खेले, उसमें उन्होंने खूब प्रभावित किया. अंडर-19 विश्व कप के अलावा सिद्धार्थ ने भारत के लिए नेशनल लेवल पर भी प्रतिनिधित्व किया है. सिद्धार्थ को भारत के लिए 3 वनडे और 3 टी20 मैचों में खेलने का मौका मिला. ऐसे में मौकों की कमी के कारण आखिरकार सिद्धार्थ ने साल 2024 में संन्यास का ऐलान कर दिया.
चंडीगढ़ की एसबीआई ब्रांच में काम करते हैं सिद्धार्थ
घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए दमदार खेल दिखाने वाले सिद्धार्थ रिटायरमेंट के बाद चंडीगढ़ की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ब्रांच में कार्यरत हैं. क्रिकेट से संन्यास के बाद सिद्धार्थ अपनी दूसरी पारी में भी बेहतरीन काम कर रहे हैं. भारत में बहुत कम ऐसे क्रिकेटर हुए हैं जिन्होंने रिटायरमेंट के बाद इस तरह के प्रोफेशन को चुना है, क्योंकि ज्यादातर खिलाड़ी कोचिंग और कमेंट्री की फील्ड में आ जाते हैं. यही कारण है कि जब सिद्धार्थ के बैंक में काम करने की खबर सामने आई, तो हर कोई हैरान था.
आईपीएल में सिद्धार्थ पर लगती थी करोड़ों की बोली
भारतीय क्रिकेट टीम में बेशक सिद्धार्थ कौल को ज्यादा मौके नहीं मिले हों, लेकिन आईपीएल में उनका जलवा रहा है. सिद्धार्थ को आईपीएल में पहली बार साल 2008 में कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम ने 20 लाख रुपए में शामिल किया था, लेकिन तब उन्हें खेलने का मौका नहीं मिल पाया था. इसके बाद सिद्धार्थ को 4 साल तक किसी भी टीम ने नहीं खरीदा. आईपीएल 2013 में दिल्ली कैपिटल्स ने सिद्धार्थ पर दांव लगाया और उन्हें 50 लाख रुपए में खरीदकर दूसरी बार लीग में मौका दिया. साल 2014 में फिर से दिल्ली ने सिद्धार्थ को 45 लाख रुपए में अपने साथ बनाए रखा.
सिद्धार्थ कौल
दिल्ली के लिए दो सीजन खेलने के बाद सिद्धार्थ सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में चले गए. पहले दो सीजन में उन्हें सिर्फ 20 लाख रुपए मिले, लेकिन 2018 के आईपीएल ऑक्शन में सनराइजर्स ने उन पर 3.80 करोड़ रुपए की बोली लगाकर अपनी टीम में बनाए रखा. इसके बाद वह आईपीएल 2021 तक इसी प्राइस पर सनराइजर्स में बने रहे. सनराइजर्स से निकलने के बाद सिद्धार्थ 2022 और 2023 में आरसीबी के लिए खेले. इस टीम ने उन्हें 75 लाख रुपए की कीमत पर खरीदा था. 2023 के बाद फिर उन्हें आईपीएल में कभी मौका नहीं मिला. सिद्धार्थ कौल के आईपीएल करियर की बात करें तो वह टीमों को मिलाकर कुल 55 मैचों में मैदान पर उतरे, जिनमें उनके नाम 58 विकेट दर्ज हैं. सिद्धार्थ की इस लीग में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 29 रन देकर 4 विकेट लेने की है.











