द. अफ्रीका के खिलाफ उतरते ही इतिहास रचेंगी हरमनप्रीत, ऐसा करने वाली बनेंगी पहली खिलाड़ी

द. अफ्रीका के खिलाफ उतरते ही इतिहास रचेंगी हरमनप्रीत, ऐसा करने वाली बनेंगी पहली खिलाड़ी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर रविवार को इतिहास रचने जा रही हैं। वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप ए के एक बेहद महत्वपूर्ण मुकाबले में मैदान पर उतरते ही 200 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बन जाएंगी। हरमनप्रीत के इस ऐतिहासिक सफर की शुरुआत साल 2009 में इंग्लैंड में ही आयोजित महिला टी20 विश्व कप से हुई थी। इसके 17 साल बाद आज भी वह न केवल भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर इस खेल की सबसे प्रभावशाली हस्तियों में से एक बनी हुई हैं।

गेंदबाजी कोच साल्वी ने हरमनप्रीत को सराहा
भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच अविष्कार साल्वी ने दिग्गज कप्तान की जमकर तारीफ की। उन्होंने मैदान पर हरमनप्रीत के प्रदर्शन के साथ-साथ ड्रेसिंग रूम में युवाओं पर उनके प्रभाव को भी रेखांकित किया। साल्वी ने कहा, हरमनप्रीत एक शीर्ष स्तर की एथलीट हैं और दुनिया भर के क्रिकेटरों के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने इतने वर्षों में जिस तरह खुद को ढाला है, वह एक मिसाल है। वह हर प्रारूप में शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी रही हैं। अपने 200वें टी20 मैच को लेकर हम सभी उन्हें खेलते देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

साल्वी ने आगे कहा कि हरमनप्रीत का अनुभव और मेंटरशिप टीम के लिए अनमोल है। उन्होंने बताया, वह हमेशा अपनी बेसिक चीजों (बुनियाद) पर काम करती हैं। युवाओं के साथ अपना अनुभव बांटना उनकी एक बड़ी खूबी रही है। आज के दौर में जानकारी तो बहुत मिल जाती है, लेकिन जब कोई ऐसा खिलाड़ी कुछ सिखाता है जिसने खुद शीर्ष स्तर पर इतना बड़ा मुकाम हासिल किया हो, तो वे छोटी-छोटी बातें भी युवा खिलाड़ियों के करियर को संवारने में बड़ी भूमिका निभाती हैं।

See also  वैभव सूर्यवंशी ऐसा मत करो दिल टूट जाता है... हर बार एक जैसी गलती क्यों

क्लो ट्रायोन ने भी की तारीफ
दक्षिण अफ्रीका की ऑलराउंडर क्लो ट्रायोन ने भी भारतीय कप्तान के इस लंबे सफर और खेल पर उनके प्रभाव की सराहना की है। क्लो ट्रायोन महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में मुंबई इंडियंस की तरफ से हरमनप्रीत के साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर चुकी हैं। ट्रायोन ने कहा, 200 मैच खेलना बहुत बड़ी बात है और वह इसे बेहद आसान बना देती हैं। मुझे उनके साथ खेलने और उन्हें करीब से देखने का मौका मिला है। उनका यह सफर देखना अद्भुत रहा है। जब मैं छोटी थी, तब से उन्हें और अन्य बड़े खिलाड़ियों को खेलते हुए देख रही हूं। वह दुनिया भर के लोगों के लिए प्रेरणा हैं। उन्हें आज भी क्रिकेट खेलते देखना और आगे बढ़कर टीम की अगुआई करते देखना बेहद शानदार है। उम्मीद है कि वह आगे भी ऐसे ही खेलती रहेंगी। यह देखना बेहद सुखद है कि महिला क्रिकेट का कितना विकास हुआ है और हरमनप्रीत ने इस खेल को आगे ले जाने में कितना बड़ा योगदान दिया है।