पुलिस के ‘चक्रव्यूह’ में फंसा गिरोह, 66 बकरे और दो भेड़ बरामद
सुलतानपुर में व्यापारी से बकरी लूट की घटना को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय आरोपितों को जिले की पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने 66 बकरे, दो भेड़, दो लाख चार हजार रुपये नकद, तमंचा, मोबाइल फोन और लूट में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस पूछताछ में राजफाश हुआ कि लूटे गए सभी बकरों को बकरीद पर कुर्बानी के लिए लखनऊ में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
यह है पूरा मामला
मुसाफिरखाना के मठा भूसुंडा जंगल के पास आरक्षी सौरभ वर्मा व सुनील यादव बुधवार देर रात चेकिंग प्वाइंट पर मौजूद थे। इसी दौरान कार व महिंद्रा पिकअप आती दिखी। वाहन संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोकने का प्रयास दोनों आरक्षियों ने किया, लेकिन वह भागने लगे।
आरक्षियों की सूचना पर मुसाफिरखाना व भाले सुलतान थाना पुलिस ने घेराबंदी कर बिना पंजीयन नंबर की स्विफ्ट कार और बकरे व भेड़ से भरी महिंद्रा पिकअप को रोक लिया। इस दौरान पिकअप चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि कार सवार तीन बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बाराबंकी के कोठी निवासी आशीष गोस्वामी, करन सिंह और संजय सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनका गिरोह रात के समय जानवरों से लदे वाहनों की रेकी करता था। इसके बाद तमंचा के बल पर वाहन रोककर नकदी, मोबाइल और जानवर लूट लिए जाते थे।
व्यापारियों का अपहरण कर उन्हें सुनसान इलाके में मारपीट के बाद छोड़ देते थे। बदमाशों ने कबूल किया कि उन्होंने 26/27 मई की रात सुलतानपुर के थाना चांदा में बकरी व्यापारी से लूट के बाद वे सभी बकरों को लखनऊ में बेचने के लिए ले जा रहे थे।
बरात से टकराई बदमाशों की कार
शातिर बदमाशों ने बताया कि बकरे लूटने के बाद व्यापारी को स्विफ्ट कार में बैठा लिया गया था, लेकिन रास्ते में एक बरात के दौरान कार टकरा गई, जिससे व्यापारी मौका पाकर भाग निकला। पुलिस ने लूट की पूरी रकम, वाहन और बकारों को जब्त कर लिया। वहीं फरार आरोपित विजय यादव की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
एसपी ने घोषित किया ईनाम
एसपी सरवणन टी ने बताया कि दोनों आरक्षियों कि सक्रियता के चलते अंतरजनपदीय लूट गैंग को पकड़ने में सफलता हासिल की हैं। इस सराहनीय कार्य पर दोनों आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, पूरी टीम को 25 हजार रुपये का नकद ईनाम देने की घोषणा की।