बिजनौर में चोर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला
ट्रांसफार्मर चोरी के मामले में एक संदिग्ध की तलाश में गई पुलिस पर बुधवार रात गांव जंदरपुर के ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। कार का घेराव करते हुए अभद्रता कर धक्कामुक्की और गाली-गलौज भी की गई।
इस दौरान कार में भी पथराव कर तोड़फोड़ की गई। घटना की सूचना पर दो थानों की पुलिस व पीएसी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। एसएसआई की तहरीर पर नौ नामजद समेत 24 पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
कई थानों की पुलिस रातभर आरोपितों की तलाश में दबिश दी। पुलिस ने 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उन्हें देर शाम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
ग्रामीणों ने पुलिस को घेरा
शहर कोतवाली क्षेत्र में पिछले दिनों एक विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी हुआ था। दारोगा विनय कुमार इसकी जांच कर रहे है। बुधवार रात दारोगा विनय कुमार और सिपाही सनी चौधरी को सूचना मिली के गांव जंदरपुर में एक युवक ट्रांसफार्मर चोरी में शामिल रहा है।
ईद के त्योहार के चलते अपने घर पर है। सूचना पर दारोगा और सिपाही अपनी ब्रेजा कार से रात नौ बजे गांव पहुंच गए। पुलिस ने आरोपित युवक का पीछा किया, लेकिन एक ग्रामीण ने उसे भगा दिया। इस पर पुलिस ने भगाने वाले युवक को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक के स्वजन व ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया हमला करते हुए युवक छुड़ा लिया।
इस दौरान पथराव कर कार का शीशा तोड़ दिया। उधर, हंगामा बढ़ता देख दारोगा ने पिस्टल निकाल कर भीड़ पर तान दी। जिस पर हंगामा कर रही भीड़ पीछे हट गई। सूचना पर एएसपी सिटी कृष्ण गोपाल सिंह, सीओ सिटी संग्राम सिंह और शहर कोतवाल रामप्रताप सिंह मौके पर पहुंच गए।
12 आरोपी गिरफ्तार
बड़ी संख्या में पुलिस को देखकर हमलावर फरार हो गए। सीओ सिटी के नेतृत्व में दो थानों की पुलिस व पीएसी ने गांव में ताबड़तोड़ दबिश दी। आरोपित व ग्रामीण अपने घर छोड़कर फरार हो गए। गांव में सन्नाटा पसर गया। एसएसआई सुभाष चंद की तहरीर पर आजम, अनीस, सरफराज, सरताज, शादाब, साहिल, मोहम्मद शुएब, अफसर, मोहम्मद साजिद व 15 अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला करने का प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीओ और शहर कोतवाल ने दबिश देकर 12 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात है। वहीं गिरफ्तार आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है। एएसपी सिटी ने बताया कि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस से अभद्रता करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।