बच्चे के गले में 20 दिनों से फंसा था टूथब्रश
महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नाक, कान एवं गला (ईएनटी) विभाग के चिकित्सकों ने जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर 18 माह के बच्चे की जान बचाई।
बच्चे के नासोफैरिंक्स (नाक और गले के बीच का हिस्सा) में पिछले लगभग 20 दिनों से टूथब्रश फंसा हुआ था। इस कारण उसके चारों ओर ग्रैनुलेशन (मांस की परत) बन गई थी। इससे ऑपरेशन और अधिक कठिन हो गया था।
ईएनटी विभाग के प्रोफेसर डॉ. प्रमोद यादव के नेतृत्व में डाक्टरों की टीम ने एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. संदीप यादव, डॉ. मिनाली एवं डॉ. सुदीप के संयुक्त प्रयास से जटिल प्रक्रिया को सफलता पूर्वक पूरा किया। चिकित्सकों की सूझबूझ और टीमवर्क के चलते टूथब्रश को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव ने टीम को बधाई दी है।